श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय मुख्यालय में अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगी व्यावसायिक कक्षायें : कुलपति
शिक्षण कार्य के लिए कक्षों की हुई वैकल्पिक व्यवस्था
चंंबा; सो.ला.सकलानी ‘निशांत: श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय मुख्यालय में शीघ्र व्यावसायिक पाठ्यक्रम कक्षायें संचालित होने जा रही हैं। कुलपति एन.के.जोशी अपने स्तर से हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। आज विश्वविद्यालय मुख्यालय में त्रिस्तरीय वार्ता के बाद समाधान ढूंढा गया। फिलहाल मुख्यालय स्थित राज. हाईस्कूल के दो कक्षों में कक्षाएं संचालित होंगी और पठन-पाठन नियमित रूप से शुरू होने का अनुमान है।
विदित है कि चार दशक पूर्व चंबा के स्थानीय ग्रामवासियों ने अपनी पुश्तैनी जमीन राजकीय महाविद्यालय के लिए प्रदान की थी। निकट क्षेत्र बादशाहीथौल में एसआरटी परिसर बन जाने के कारण महाविद्यालय नई टिहरी स्थानांतरित हो गया।
संबंधित भवन में सरकारी हाई स्कूल की कक्षाएं संचालित होने लगी। श्री देव सुमन राज्य विश्वविद्यालय बन जाने और चंबा में मुख्यालय स्थापित होने के बाद समय-समय पर परिसर की मांग उठी लेकिन भूमि व्यवस्था न होने के कारण वर्षों तक मांग पूर्ण न हो सकी।
नवनियुक्त कुलपति एन के जोशी ने कार्यभार ग्रहण करते ही इस ओर ध्यान दिया और इसी सत्र से व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने की बात कही थी। इसी परिप्रेक्ष्य में विश्वविद्यालय के कुलपति, मान.विधायक टिहरी के प्रतिनिधि,और खंड शिक्षा अधिकारी( चंबा) के बीच वार्ता हुई। बताया गया कि बादशाहीथौल में हाई स्कूल के भवन निर्माण हेतु ₹30 लाख की धनराशि विश्वविद्यालय द्वारा निर्गत कर दी गई है। ₹10 लाख माननीय विधायक श्री किशोर उपाध्याय ने देने की बात कही।
स्थायी परिसर निर्माण के लिए विश्वविद्यालय पूरी कोशिश करेगा। संबंधित हाई स्कूल के दो कक्ष व्यावसायिक पाठ्यक्रम के लिए मिल गये हैं। लगभग 6 महीने बाद हाई स्कूल पूर्ववत बादशाहीथौल में शिफ्ट हो जाएगा और समस्त भवन विश्वविद्यालय को उपलब्ध हो जाएगा।
इस अवसर पर कुलसचिव खेमराज भट्ट, विधायक प्रतिनिधि वीरेंद्र नेगी, डा.हेमन्त बिष्ट, इंद्र सिंह नेगी, सोमवारी लाल सकलानी, संबंधित विद्यालय प्रधानाचार्य आदि उपस्थित थे।