टिहरी जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य आंदोलनकारी सुन्दर सिंह चौहान पंचतत्व में विलीन

343
टिहरी जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य आंदोलनकारी सुन्दर सिंह चौहान पंचतत्व में विलीन
यहाँ क्लिक कर पोस्ट सुनें

टिहरी जिले में भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता व चिन्हित राज्य आंदोलनकारी सुन्दरसिंह चौहान आज शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गए हैं, उनकी अन्त्येष्टि आज कोटीकालोनी स्थित सुन्दरघाट पर उनके तीनों पुत्रों द्वारा मुखाग्नि के देकर ससम्मान की गई। श्री चौहान के निधन पर पूरा टिहरी जिला शोकाकुल है। उनकी असामायिक मृत्यु से टिहरी जिला भाजपा को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

दशक अस्सी में भाजपा के पारम्भिक दौर में पार्टी को सशक्त बनाते हुए अनेकों लोगों को भाजपा से जोड़ने समेत पार्टी के मण्डल अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर दायित्व निर्वहन एवं ग्राम समाज के उत्थान हेतु निरन्तर जीतोड़ मेहनतकश, तत्कालीन भाजपा सांसद महाराजा मानवेन्द्र शाह के करीबी व सर्वाधिक विश्वसनीय कार्यकर्ताओं में गिने जाने वाले उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी सुन्दरसिंह चौहान पिछले लम्बे अरसे से एम्स में चिकित्सारत थे। लम्बी बीमारी के बाद गत गुरुवार सांय उन्होंने एम्स ऋषिकेश में देहत्याग किया। उनके निधन की खबर से टिहरी जनपद में शोक व्याप्त है।

उनकी अत्येष्टि में आज कोटी कालोनी स्थित सुन्दरघाट पर जिले के भाजपा नेताओं समेत जिला मुख्यालय नई टिहरी के व्यापारियों, अधिकारी, कर्मचारी नेताओं की खासी भीड़ उमड़ी। दूरदराज स्थित ग्रामीण क्षेत्रों के भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी अन्त्येष्टि के दौरान उपस्थित रहकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उनके निधन पर सूबे के मुखिया पुष्करसिंह धामी, टिहरी विधान सभा क्षेत्र के विधायक किशोर उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व प्रमुख सोबन सिंह नेगी, डॉ. प्रमोद उनियाल, खेमसिंह चौहान, जबर सिंह नेगी, जीतराम भट्ट, उदय सिंह रावत, देवेन्द्र बैलवाल, डॉ. जे.पी. बहुगुणा, दिनेश डोभाल, वरिष्ठ पत्रकार केदार सिंह चौहान ‘प्रवर’, कमल सिंह चौहान, पूर्व प्रधान छाती शशिबाला चौहान, दरमियान सिंह धनोला सहित अनेक जन-प्रतिनिधियों एवं राज्य आंदोलनकारियों ने स्व. श्री चौहान की आत्मिक शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।