छाती गांव में गहराया पेयजल संकट, सूखे नलों पर कर रहे पानी का इंतजार
Drinking water crisis deepens in Chhati village, waiting for water on dry drains
सरहद का साक्षी
नकोट, टिहरी गढ़वाल। चम्बा प्रखण्ड के मखलोगी पट्टी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम छाती के नागरिक पेयजल पम्पिंग योजना के बाबजूद भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। इस वर्ष बरसात न होने के फलस्वरूप गांव के प्राकृतिक श्रोत पहले ही सूख चुके हैं। पिछले कई दिनों से पम्पिंग योजना की टेस्टिंग लाईन पर पानी न आने से गांव में पेयजल संकट गहराया हुआ है।
उल्लेखनीय है कि धण्टाकर्ण पेयजल पम्पिंग योजना से मखलोगी प्रखण्ड के गांवों को लाभान्वित किया जा रहा है। इस योजना पर वर्तमान में पानी की आपूर्ति चल रही है, मगर ग्राम छाती को आने वाली पाईप लाईन का नियोजन सही तरीके से न होने के कारण ग्रामवासियों को समुचित पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाती है। पेयजल वितरण टैंक पर जाने वाली पाईप लाईन को अनियोजित ढंग से बिछाया गया है। जिस कारण वितरण टैंक पर पानी चढ़ नहीं पाता है।
टैंक पर आने वाली पाईप लाईन को पिछले कुछ माह पूर्व संचार कम्पनी जिओ द्वारा भी नुकसान पहंुचाया गया, जिसकी शिकायत के साथ गांव की वितरण लाईन को ठीक किए जाने, लाईन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त किए गए आम पक्के व कच्चे रास्तों का पुनर्निर्माण किए जाने सहित पेयजल वितरण व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण बाबत गांव के प्रधान विनोद कुमार के नेतृत्व में ग्रामवासियों का एक प्रतिनिधि मण्डल मार्च माह में उत्तरखण्ड पेयजल निगम चम्बा के अधिशासी अभियंता से मिला था, जिस पर अभियंता द्वारा उक्त कार्यों को अतिशीघ्र किए जाने का आश्वासन दिया गया था, मगर सात माह का समय बीत जाने के बाबजूद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है और अब हालात यह हैं कि ग्रामवासियों को पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है।

Drinking water crisis deepens in Chhati village, waiting for water on dry drains
एक ओर सरकार दिसम्बर माह तक हर घर नल दिए जाने की बात कर रही है तो दूसरी ओर योजनाओं की ऐसी दुर्दशा से सरकार की घोषणाओं पर पानी ही फिरने की आशंका है। पेयजल संकट गहराये जाने से ग्रामवासियों में आक्रोश है। ग्रामवासियों ने क्षेत्रीय विधायक डा0 धनसिंह नेगी समेत स्थानीय जिला पंचायत सदस्य सत्येन्द्र धनोला से भी इस बाबत शिकायत की है।
प्रधान ग्राम पंचायत विनोद कुमार समेत ग्रामवासी धान सिंह चौहान, श्याम सिंह कुठ्ठी, सुन्दर सिंह कुठ्ठी, सत्येसिंह चौहान, शूरवीर सिंह चौहान, कृपाल सिंह चौहान, मोहन सिंह धनोला, रणवीर सिंह पंवार आदि अनेक ग्रामवासियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए अतिशीघ्र पेयजल वितरण व्यवस्था सुचारू करने, क्षतिग्रस्त आम कच्चे पक्के रास्तों को ठीक करवाये जाने, वितरण टैंक पर आने वाली मुख्य लाईन का एलायनमेन्ट बदल कर नियोजित ढंग से नई लाईन बिछाये जाने, ग्रामवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाये जाने की मांग की है। ताकि हर घर नल की सरकारी घोषणाओं को अमली जामा पहनाया जा सके।
दूसरी तरफ जिला पंचायत सदस्य सत्येन्द्र धनोला ने अधिशासी अभियंता को whatsapp कर कहा कि “मैंने आपको पूर्व में भी इस समस्या से बार-बार अवगत करवाया है की यह लाइन गलत बिछी है, इसी प्रकरण को मैंने अपने जिला पंचायत के सदन में बड़े जोर-शोर से उठाया व जांच करवाने के लिए कहा, फिर भी आप लोगों के कान के बाल तक नहीं हिलते, केवल आप लोगों को अपना कमीशन चाहिए, बाकी जनता जाए भाड़ में, यह मैं आपके विभाग को अंतिम चेतावनी दे रहा हूं अगर इसी तरह घंटाकरण पेयजल योजना को सही प्रारूप नहीं दिया गया तो यह आपके विभाग के लिए चिंतनीय विषय होगा”।
