मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा के समीप हुई बस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री श्री धामी ने सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंच कर संबंधित अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और उन्हें राहत कार्यों में तेजी लाने और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बस दुर्घटना में मारे गए रामसजी एवं बांके बिहारी के परिजन, कृष्ण बिहारी द्विवेदी से बातचीत कर दिवंगत लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल श्री गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने उत्तरकाशी जनपद के डामटा के समीप हुई बस दुर्घटना में मृतक व्यक्तियों के प्रति गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल पहुंचे, उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतकों के पार्थिव शरीर विशेष विमान से खजुराहो भेजें जाएंगे।