हिम विकास स्वायत्त सहकारिता की नवीं वार्षिक बैठक हुई संपन्न, बैठक में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रही जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सज्वाण

84
यहाँ क्लिक कर पोस्ट सुनें

अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने की कार्यक्रम में शिरकत

सराहनीय कार्यों के लिए किया गया सम्मानित

रिपोर्ट:@सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’

हिम विकास स्वायत्त सहकारिता की नवीं वार्षिक बैठक जड़ीपानी (सौड़)टिहरी गढ़वाल में आयोजित की गयी। 20 गांवों से104 स्वयं सहायता समूहों के 978 सदस्यों ने बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। आय- व्यय और लाभांश का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। बताया गया की एक करोड़ इकतीस लाख से ऊपर का टर्नओवर इस साल  समिति का रहा। जिसमें कि रु. 1,50,000 से ज्यादा धनराशि लाभांश के रूप में स्वयं सहायता समूहों को वितरित की गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोना सज्वाण के द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने मात्र मातृशक्ति को नमन करते हुए, उनके प्रयासों की सराहना की। इससे पूर्व उन्होंने जिला पंचायत के द्वारा समिति के लिए उपलब्ध कराए गए नए बैठक स्थल का भी लोकार्पण किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने महिलाओं की इस सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए, अपने द्वारा अपेक्षित सहयोग देने की बात कही। कहा कि 104 स्वयं सहायता समूहों की लगभग हजार महिलाओं के साथ अपनी बात रखना सौभाग्य है।

स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और ढांचागत सुविधाओं के लिए जिला पंचायत सदैव उनके साथ है। उनके सुझावों और मांगों पर अमल किया जाएगा जो उनके संज्ञान में लाए जाएंगे। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और उनके द्वारा किए गए सामूहिक आर्थिक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की बात कही।

कवि और साहित्यकार सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने हिमविकास स्वायत्त सहकारिता के कार्यों का तुलनात्मक अध्ययन करते हुए बताया कि 2013 से समिति स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के रूप में जो कार्य कर रही है, वह मील का पत्थर है।

कहा कि सर रतन टाटा ट्रस्ट, हिमोत्थान आदि का सहयोग भी आधार प्रदान करता है। टाटा टी विपणन, उपकरण, बीज, उर्वरक, पशु चारा वितरण और कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में समूह के द्वारा महत्वपूर्ण कार्य किया गया है।

हिम विकास डेयरी के दुग्ध उत्पाद शुद्धता, गुणवत्ता और स्वच्छता में उत्कृष्ट हैं। स्थानीय दुग्ध वितरण की नियमित और समयबद्ध सेवाएं भी प्रशंसनीय हैं। सर रतन टाटा ट्रस्ट और हिमोत्थान आजीविका परियोजना के द्वारा मदद से प्रत्यक्ष परोक्ष लाभ लोगों को मिल रहा है, वह गतिमान रहे।

प्रधान प्रतिनिधि चोपड़ियाल गांव विनोद डबराल ने क्षेत्र मे बढ़ते होटलों, अव्यवस्था और कूड़ा निस्तारण के प्रकरणों को अध्यक्ष के संज्ञान में लाये।

समाजसेवी यशपाल सिंह सज्वाण ने जिला पंचायत अध्यक्ष के द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की प्रगति से जन -समुदाय को रू-ब-रू कराया।

इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य रघुवीर सिंह सज्वाण, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह रावत, यशवीर सिंह बिष्ट, हेंवलवाणी के रवि गुसाईं और राजेंद्र जोशी आदि ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा पुंडीर और विभिन्न समूह की अध्यक्षों  किए गए कार्यों का ब्यौरा बैठक में रखा जो कि प्रेरणास्पद है।

इस अवसर पर रोजगार महिला सशक्तिकरण, पलायन, स्वच्छता आदि पर भी प्रस्तुतियां दी गई। स्वयं सहायता समूहों  को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया।

श्रीमती सुषमा पुंडीर, अनिल रमोला और आयोजकों के द्वारा मातृशक्ति, समूह के सदस्यों और अतिथियों का आभार प्रकट किया गया।

Comment