श्रीदेव सुमन अटल आदर्श उत्कृष्ट रा.इं.का. चम्बा में प्रवेशोत्सव
सरकारी विद्यालयों में पढ़े हुए लोग आज भी देश में बड़े पदों पर आसीन हैं: आशारानी पैन्यूली
चम्बा। सरकारी विद्यालयों में पढ़े हुए लोग आज भी देश में बड़े पदों पर आसीन हैं, यह बात संयुक्त शिक्षा निदेशक आशा रानी पैन्यूली ने श्रीदेव सुमन अटल आदर्श उत्कृष्ट रा.इं.का. चम्बा में आज प्रवेशोत्सव के अवसर पर कही। कहा सीबीएससी होने के बाद यह विद्यालय अपने पुराने गौरव को हासिल करने के लिए बेताब है।
शासन की नीति के अनुरूप प्रत्येक विद्यालय में अप्रैल माह में प्रवेश उत्सव मनाया जाता है। जिसमें सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, ढांचागत सुविधाएं प्रदान करना, निर्धन छात्र- छात्राओं को छात्रवृत्ति और अनेक सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ अंग्रेजी और हिंदी दोनों माध्यमों से पढ़ाई करवाई जा रही है।
सरकारी विद्यालयों में आर्थिक संपन्न और विपन्न सभी बच्चों को प्रवेश दिया जाता है और बच्चे को सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ आर्थिक सहयोग भी किया जाता है।
नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यालयों के स्तर को बढ़ाने और शिक्षा सरकारी विद्यालयों के प्रति रुझान उत्पन्न करने के लिए सरकार प्रयासरत है। इसी के अनुरूप अटल आदर्श विद्यालय स्थापित किए गए तथा प्रत्येक शासकीय विद्यालयों में सुविधाएं दी जा रही हैं।
सर्व शिक्षा अभियान, रमसा, भारत सरकार और प्रदेश सरकार के अनेकों योजनाएं इन विद्यालयों में संचालित हैं। समय-समय पर इसे अनुक्रम में छात्रों और उनके अभिभावकों को जागरूकता उत्पन्न करने, सरकारी विद्यालयों के प्रति विश्वास जीतने के लि प्रवेशोत्सव के रूप में देखा जाता है।
श्री देव सुमन इंटर कॉलेज जिसमें पहले हजारों छात्र-छात्राएं अध्ययन करते थे, निजी विद्यालयों के प्रति रुझान के कारण सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या गिरती गई और आज स्थिति यह है कि कई विद्यालयों में आंकड़ा सौ- दो सौ भी पार नहीं कर पा रहा है।
आज के प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में संयुक्त शिक्षा निदेशक आशा रानी पैन्यूली उपस्थित थी, जो कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चंबा में भी प्रवक्ता के रूप में कई वर्षों तक कार्य कर चुकी हैं। स्थानीय जनता और छात्र-छात्राओं को उन्हें अपने मध्य पाकर अत्यंत हर्ष हुआ। उन्होंने बारीकी से सरकारी विद्यालयों में संचालित होने वाले पाठ्यक्रम, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, नई शिक्षा नीति, ढांचागत सुविधाएं आदि के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि देश के सर्वाधिक अधिकारी आज सरकारी स्कूलों से पढ़े लिखे लोग हैं। इसलिए सरकारी विद्यालयों में बच्चों को प्रवेश दिलाने के लिए अभिभावकों से अपील की।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद चंबा अध्यक्ष सुमन रमोला, चंबा ब्लॉक प्रमुख शिवानी बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी चंबा अनी नाथ, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी, पूर्व पीटीए अध्यक्ष जी पी बहुगुणा, साहित्यकार सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद थे। इस मौके पर नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को भी माल्यार्पण और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रधानाचार्य आर. पी. सकलानी ने संयुक्त शिक्षा निदेशक, खंड शिक्षा अधिकारी और सम्मानित अतिथियों का आभार प्रकट किया तथा विद्यालय की सतक उन्नति के लिए अपने द्वारा किए जाने वाले प्रयासों के ब्यौरा प्रस्तुत किया।